देश में कोरोना एक बार फिर से सिर उठाने लगा है बल्कि कोरोना फिर से डराने लगा है। महज 7 दिन में इसके केस दोगुने हो चुके हैं। शाहरुख खान, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी से लेकर कार्तिक आर्यन, कैटरीना कैफ जैसे अनेक चर्चित लोग कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं।
हाल ये है कि देश में 3 महीने बाद एक सप्ताह में रिकॉर्ड 25 हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। 30 मई से 5 जून के बीच कोरोना के 25,300 मरीज मिले हैं। पिछले सप्ताह कोरोना के मामलों में 45% की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र और केरल में बढ़े हैं। इस तरह से महाराष्ट्र और केरल एक बार फिर कोरोना के केंद्र बन गए हैं। इससे पहले कोरोना की दूसरी लहर की शुरुआत भी महाराष्ट्र और केरल से ही हुई थी।
देश में पिछले हफ्ते मिले केस पिछले तीन महीने कि सबसे ज्यादा वीकली केस हैं। हालांकि इस दौरान मौतों की संख्या बहुत कम रही। कोरोना के बढ़ने की सबसे बड़ी वजह महाराष्ट्र और केरल ही हैं। देश के कुल केस में से अकेले इन दोनों राज्यों में ही 60% कोरोना केस मिले हैं। मंगलवार को देश में कोरोना के 3,714 नए केस मिले। एक्टिव केसों की संख्या 27 हजार तक पहुंच गई है। इसके साथ ही कोरोना पॉजिटिविटी रेट 1% से ऊपर पहुंच गई है। 2 महीने बाद देश में इतनी रेट हुई जोक चिंताजनक है।
महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से कोरोना का बढ़ना लगातार जारी है। पिछले हफ्ते यहां कोरोना के 7,253 नए मरीज मिले। इससे पहले के हफ्ते की तुलना में ये दोगुने से भी ज्यादा हैं। महाराष्ट्र का पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 4.25% हो गया है, जोकि 13 फरवरी के बाद सबसे ज्यादा है। बढ़ते कोरोना को देखते हुए महाराष्ट्र में सरकार अलर्ट हो गई है। अस्पतालों में बुखार, जुकाम और फ्लू के लक्षण के साथ आने वाले हर व्यक्ति के RT-PCR टेस्ट करने की यहां सलाह दी गई है।