देश में कोरोना संक्रमण ने एक बार फ़िर रफ़्तार पकड़ ली है तो वहीं नए मामलों की संख्या में 19 फीसदी का इजाफ़ा हुआ है। देश में पिछले 24 घंटे में 20,139 नए मामले सामने आए और 38 लोगों की मौत हुई। देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 1,36,076 हो गई है।

नए मामलों ने बढ़ाई चिंता-

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देश में कोरोना के कुल मामलों की संख्या 43,689,989 पहुंच गई। पिछले 24 घंटे में 16,482 लोगों के कोरोना से ठीक होने के साथ ही यहां मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,25,557 हो गई। देश में संक्रमण से ठीक होने वालों की कुल संख्या 43,028,356 है।

महाराष्ट्र में आए 2,575 नए केस-

महाराष्ट्र में कोरोना के नए मामलों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस के 2,575 नए मामले सामने आए और 10 लोगों की मौत हुई। राज्य में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 80,10,223 हो गई है जबकि मरने वालों की संख्या 1,48,001 है।

दिल्ली के ताज़ा हालात-

राजधानी में एक दिन में कोरोना संक्रमण के 490 मामले सामने आए जबकि 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। संक्रमण दर बढ़कर 3.16 प्रतिशत हो गई है। नए मामलों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण के मामलों की संख्या बढ़कर अब तक 19,41,905 हो गई। तो वहीं मरने वालों की संख्या 26,288 है।

मणिपुर में स्कूल बंद-

कोरोना के बढ़ते मामले ने एक फ़िर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मणिपुर सरकार ने राज्य में मौजूदा संक्रमण को देखते हुए स्कूलों को दो सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश दिया। मंगलवार को नोटिस जारी किया गया। राज्य में 15 फीसदी संक्रमण ने चिंता बढ़ा दी है. सरकारी आदेश के अनुसार, सभी स्कूल 24 जुलाई तक बंद रहेंगे।