चीन में कोरोना से हालात लगातार भयावह होते जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मंगलवार को एक दिन में 3 करोड़ 70 लाख नए केस सामने आए थे। हालांकि, सरकारी आंकड़ों में इस दिन यह संख्या केवल तीन हजार ही बताई गई है। वहीं चीन से आ रहे वीडियो बेहद खतरनाक हालातों का इशारा कर रहे हैं।
अस्पतालों में बेतहाशा मरीज़ों की लाइन देखी जा रही है। स्कूलों में मरीज़ों का इलाज़ किया जा रहा है। दवाइयॉं के लिए लंबी-लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं और सड़कों पर ही रस्सी बांधकर लोगों को ड्रिप चढ़ाई जा रही है।
दूसरी ओर भारत में कोरोना के खतरे को केंद्र और राज्य सरकारें तैयारियों में जुटी हैं। इंटरनेशनल यात्रियों के लिए आज से भारत में रैंडम कोरोना टेस्ट जरूरी हो गया है। हालांकि, अभी तक न तो कोरोना के मामलों में उछाल देखा गया है और न ही कोरोना से होनी वाली मौतों में भी इजाफा सामने आया है।
देश में बीते 24 घंटे में यानी शुक्रवार को कोरोना के 163 नए मामले सामने आए थे। इसके साथ ही कोरोना के एक्टिव केस भी कम हुए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोरोना के एक्टिव केस घटकर अब 3,380 हो गए हैं। एक दिन में 22 एक्टिव मरीज कम हुए हैं। वहीं, कोरोना से बीते 24 घंटे में 6 लोगों की जान भी गई है, जिसके बाद कुल मौत का आंकड़ा बढ़कर अब 5 लाख 30 हजार 690 हो गया है।