नई दिल्ली. राष्ट्रपति चुनाव के लिए 18 जुलाई को हुई वोटिंग की काउंटिंग आज होगी. काउंटिंग सुबह 11 बजे से शुरु होगी. आज ही रिजल्ट आ जाएगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को खत्म हो रहा है. देश के नए राष्ट्रपति 25 जुलाई को शपथ लेंगे. चुनाव में NDA उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू और विपक्ष के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा के बीच सीधा मुकाबला है, हालांकि द्रौपदी मुर्मु की जीत लगभग तय है। इसी के चलते भाजपा ने पहली बार राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद जश्न की तैयारी कर ली है। भाजपा देश के 1.30 लाख आदिवासी गांवों में जश्न मनाएगी. भाजपा विजयी जुलूस भी निकालेगी हालांकि इसमें द्रौपदी मुर्मू शामिल नहीं होंगी.
इधर ओडिशा के एक गांव में देश के 15वें राष्ट्रपति का इंतजार सबसे ज्यादा है जोकि आज खत्म हो जाएगा। आज सुबह 11 बजे वोटों की गिनती शुरू होते ही इस गांव में जश्न मनाना भी शुरु हो जाएगा. द्रौपदी मुर्मू के पैतृक गांव में जश्न की तैयारी के साथ लड्डू बनने भी शुरू हो गए हैं. चर्चा है कि मुर्मू के पक्ष में काफी वोट पड़े हैं. काउंटिंग में यह दावा सही निकला तो वे देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी. यही कारण है कि द्रौपदी मुर्मू के पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर में तो जश्न की तैयारियां शुरू हो गई हैं. नतीजे आने के बाद यहां मिठाइयां बांटी जाएंगी. रायरंगपुर में लड्डू बनने शुरू भी हो गए हैं. इतना ही नहीं जीत के बाद यहां विजय जुलूस भी निकालने की तैयारियां की गई हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां 20000 लड्डू बनाए जा रहे हैं. द्रोपदी मुर्मू से संबंधित 100 बैनर भी बनाए गए हैं.