PM Modi Inaugurates Atal Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी आज देश के सबसे लंबे समुद्री पुल 'अटल सेतु' का उद्घाटन करने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री आज दोपहर में महाराष्ट्र के दौरे पर जाएंगे, जहां वह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को यह बड़ी सौगात देंगे. करीब 22 किलोमीटर में बना 'अटल सेतु' भारत का सबसे लंबा पुल होने जा रहा है.
आज उद्घाटन के बाद इस पुल के ज़रिये मुंबई और नवी मुंबई के बाद अब तीसरी मुंबई बनाने की राह भी आसान हो जाएगी. अटल सेतु भारत का सबसे लंबा पुल तो है ही ये दुनिया का 12वां सबसे लंबा समुद्र पर बना पुल भी है जो 17 हजार 840 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ है.

इस एमटीएचएल यानी मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक का नाम अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा मतलब 'अटल सेतु' रखा गया है. यह अटल सेतु मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को एक सूत्र में जोड़ने का काम करेगा.

आज का ये दिन इसलिए भी ख़ास हैं क्योंकि इस पुल का शिलान्यास दिसंबर 2016 में पीएम मोदी ने ही किया था और तय लक्ष्य में आज इसका उद्घाटन भी कर रहे हैं. इस पुल के ज़रिये शहरी ट्रैफिक को आसान करने, परिवहन के बुनियादी ढांचे से लेकर कनेक्टिविटी को मजबूत करने और नागरिकों की 'ईज ऑफ मोबिलिटी' को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा हैं.

इस 'अटल सेतु' समुद्री पुल की खासियत के बारे में बात करें तो 6 लेन वाले इस ब्रिज पर रोजाना 70 हजार से अधिक गाड़ियों का ट्रैफिक चल सकता है. इस पुल पर गाड़ियां 100 KM प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी, जिससे लंबा सफर भी मिनटों में तय होगा. इस पुल से दक्षिण मुंबई से नवी मुंबई की दूरी महज 15-20 मिनट में पूरी हो जाएगी.

हालांकि, इस समुद्री पुल पर मोटरसाइकिल, तिपहिया वाहनों, ऑटो और ट्रैक्टर को प्रवेश नहीं मिलेगा. सुरक्षा के लिहाज से यह पुल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले 190 सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेगा. जो नियमों के पालन से लेकर सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है.

बता दें कि अटल सेतु पुल के उद्घाटन के बाद पीएम मोदी नवी मुंबई के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में 12,700 करोड़ रुपये से अधिक लागत की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे और उद्घाटन करेंगे.