देश में 10 अप्रैल से 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को कोरोना का बूस्टर डोज लगना शुरू हो जाएगा। सभी निजी टीकाकरण केंद्रों पर बूस्टर खुराक उपलब्ध होगी। इसके अतिरिक्त शासकीय टीकाकरण केन्द्रों द्वारा प्रथम एवं द्वितीय खुराक के लिए नि:शुल्क टीकाकरण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 60+ आयु समूहों के लिए बूस्टर खुराक जारी रहेगी। साथ ही इसे और बढ़ावा दिया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18+ आयु वर्ग के लोग निजी टीकाकरण केंद्रों पर जाकर बूस्टर डोज ले सकेंगे। स्वास्थ मंत्रालय के अनुसार, केवल 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोग जिन्होंने दूसरी खुराक ली है और 9 महीने पूरे कर लिए हैं, वे बूस्टर खुराक ले सकेंगे।

देश की 15+ आबादी में से लगभग 96% को अब तक कम से कम एक कोरोना वैक्सीन मिल चुकी है, जबकि 15+ आयु वर्ग के लगभग 83% लोगों ने दोनों खुराक प्राप्त कर ली हैं। अब तक हेल्थकेयर वर्कर्स, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60+ आयु समूहों को 24 मिलियन से अधिक बूस्टर डोज दिए जा चुकें हैं।

आकड़ो के अनुसार, 12 से 14 वर्ष की आयु के लगभग 45% लोगों ने पहली खुराक ले ली है। आपको बता दें कि देश में 6 मार्च से 12-14 साल के बच्चों का टीकाकरण चल रहा है। 12-14 साल के बच्चों को सिर्फ़ कॉर्बेवैक्स वैक्सीन दी जाएगी। Corbevax का निर्माण बायोलॉजिकल ई लिमिटेड कंपनी द्वारा किया गया है।

भारत में कोरोना की स्थिति :

पिछले 24 घंटों में भारत में कोरोना के 1,109 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 43 मौतें हुई हैं, जिससे कुल मौतों की संख्या 5,21,573 हो गई है। भारत में सक्रिय कोरोना मामलों की संख्या घटकर 11,492 हो गई है। देश में पॉजिटिव रेट 0.03 फीसदी है। देश में पिछले 24 घंटे में 1,213 मरीज ठीक हुए हैं। गुरुवार को कुल 1,033 मामले सामने आए।