Lok Sabha Election 2024: आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए विपक्षी गठबंधन इंडिया को पश्चिम बंगाल में तगड़ा झटका लगा है. यहां राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ‘एकला चलो’ का नारा देते हुए यह ऐलान कर दिया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) सूबे में अकेले ही लोकसभा के चुनावी मैदान में उतरेगी.

इस ऐलान के साथ ही विपक्षी गठबंधन इंडिया की तमाम रणनीति पर भी संकट के बादल गहरा गए हैं. ममता बनर्जी ने अपनी भड़ास निकालते हुए दावा किया कि गठबंधन द्वारा उनके सभी प्रस्तावों को ठुकराया गया इसलिए उन्होंने अकेले चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है.

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर भी कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि उनके दल को बंगाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की कोई जानकारी नहीं दी गई. न ही कांग्रेस ने इस बारे में उनसे कोई चर्चा की. इसलिए TMC बंगाल में किसी से गठबंधन नहीं करेगी.

इंडिया गठबंधन से कोई चर्चा नहीं हुई- ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने अपने बयान में दावा किया कि सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस के साथ मेरी कोई चर्चा नहीं हुई. मैंने हमेशा कहा है कि बंगाल में हम अकेले ही चुनाव लड़ेंगे. मुझे इस बात की चिंता नहीं है कि देश में क्या किया जाएगा लेकिन हम एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है और बंगाल में हैं. इसलिए हम अकेले ही भाजपा को टक्कर देंगे.

साथ ही ममता ने आगे यह भी बताया कि मैं इंडिया गठबंधन का हिस्सा हूं. राहुल गांधी की न्याय यात्रा हमारे राज्य से गुजर रही है लेकिन हमें इसके बारे में सूचित नहीं किया गया. इसके अलावा टीएमसी ने इससे पहले बंगाल में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट देने की पेशकश की थी. हालांकि, इस प्रस्ताव को कांग्रेस ने ठुकरा दिया था क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की 42 में से दो सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी. कांग्रेस इस बार पश्चिम बंगाल में इससे कुछ ज्यादा सीटों पर दांव आजमाना चाहती हैं.

बता दें कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 28 विपक्षी पार्टियां इंडिया गठबंधन के बैनर तले एक मंच पर आई है. विपक्ष एकजुट होकर भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को हराने का दम भर रहा हैं लेकिन अब ममता के इस बयान से बंगाल में विपक्षी गठबंधन को बड़ा झटका लगा है.