Cricket News: न्यूजीलैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान केन विलियमसन का बल्ला रनों का अंबार लगा रहा है। पिछले मुकाबले की दोनों पारियों में सेंचुरी ठोकने वाले विलियमसन ने दूसरे टेस्ट में भी शतक ठोक दिया है। मैच के चौथे दिन केन के नाबाद शतक की बदौलत न्यूज़ीलैंड ने दूसरा टेस्ट जीत दक्षिण अफ्रीका का 2-0 से क्‍लीन स्‍वीप कर दिया।

केन विलियमसन ने पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के महान डॉन ब्रैडमैन को पीछे छोड़ा था अब उन्होंने सचिन तेंदुलकर समेत सभी दिग्गजों के पीछे कर अनूठा कीर्तिमान रचा है। न्यूजीलैंड के दिग्गज केन विलियमसन ने लगातार शतक पर शतक जमाकर अपने शतकों की संख्या टेस्ट में 32 पहुंचा दी है। 

विलियमसन ने बीती 12 पारियों में 7 शतक जमाए हैं। इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 32 शतक तक पहुंचने के मामले में उन्होंने सभी दिग्गजों को पीछे कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ ने 174 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था। विलियमसन ने 172 पारियों में यह कारनामा कर दिखाया।  

टेस्ट में 32 शतक जमाने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग तीसरे नंबर पर हैं। 176 पारी खेलकर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की थी। भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 179 पारी खेलने के बाद 32वां टेस्ट शतक जमाया था. पाकिस्तान के पूर्व कप्तान यूनिस खान ने 193 टेस्ट पारी में 32वां शतक पूरा किया था। 

दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड को जीत के लिए 267 रन का लक्ष्य मिला था। मेजबान टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। केन विलियमसन 133 रनों की बेमिसाल पारी खेल कर नाबाद रहे। विल यंग ने भी 60 रनों की नाबाद पारे खेल अपने कप्तान का बखूबी साथ दिया।