Crime News: कर्नाटक के चित्रदुर्ग से एक चौंकाने वाली हत्या का मामला सामने आया है. जिसमें एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी की महिला सीईओ (CEO) ने अपने 4 साल के बेटे की हत्या कर दी. महिला अपने बेटे का शव बैग में लेकर गोवा से कर्नाटक जा रही थी लेकिन अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. महिला के पास से उसके बेटे का शव भी बरामद किया गया है.

इस मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला सूचितिका सेठ की शादी 2010 में हुई थी. उन्होंने 2019 में एक बेटे को जन्म दिया और 2020 में उनका अपने पति से विवाद शुरू हो गया. मामला कोर्ट तक पहुंचा और उसके बाद दोनों का तलाक हो गया. कोर्ट ने आदेश दिया कि बच्चे के पिता रविवार को अपने बेटे से मिल सकेंगे.

कोर्ट के इस आदेश के बाद आरोपी महिला दबाव में आ गई क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि उसका पति अपने बेटे से मिले. इसलिए प्लान के तहत आरोपी महिला शनिवार को अपने बेटे के साथ गोवा गई और एक निजी होटल में हत्याकांड को अंजाम दिया. महिला चाहती थी कि उसका पति उसके बेटे से न मिले इसलिए उसने बेटे को ही मौत के घाट उतार दिया.

पुलिस को इस हत्या की जानकारी कैसे लगी?

महिला गोवा के जिस होटल में ठहरी थी, वहां वह अपने 4 साल के बच्चे को भी साथ लेकर आई थी. लेकिन, जब महिला होटल से निकली तो उसका बेटा उसके साथ नहीं था. महिला को अकेले घूमते देख होटल स्टाफ को शक हुआ. महिला ने जो टैक्सी ली वह स्थानीय थी इसलिए होटल स्टाफ ने टैक्सी ड्राइवर को बुलाया और महिला के बारे में पूछताछ शुरू कर दी.

टैक्सी ड्राइवर ने बताया कि महिला टैक्सी में अकेली है. फिर होटल स्टाफ ने पुलिस को फोन किया और सारी जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने महिला को कर्नाटक के चित्रदुर्ग से गिरफ्तार कर लिया. उस दौरान बच्चे का शव महिला के बैग में मिला.

घटना गोवा के किस इलाके में हुई?

खबरों के मुताबिक, महिला ने इस घटना को नॉर्थ गोवा के कलंगुट इलाके में अंजाम दिया. गोवा के डीजीपी जसपाल सिंह ने महिला को अपने ही बेटे की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है. बाकी घटना से जुड़े हर एक पहलू की जानकारी गोवा क्राइम एसपी जल्द ही एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा करेंगे.