Crime News: भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र स्थित होशंगाबाद रोड पर पूर्व डीजी विवेक जौहरी के भाई के टाटा शोरूम में पीछे की खिड़की तोड़कर घुसे बदमाशों ने केस काउंटर की तिजोरी चुरा ली, तिजोरी में लाखों रुपए का कैश था। हालांकि मैनेजर यह नहीं बता सका है कि वारदात के समय उसमें कितना कैश था।

मैनेजर का कहना है कि कैश का रिकार्ड देखा जा रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि वारदात की जानकारी शोरूम के बाहर सामने की तरफ बैठे सिक्योरिटी गार्ड को नहीं लगी। 

पुलिस के अनुसार होशंगाबाद रोड स्थित सुरेंद्र लैंडमार्क से कुछ दूरी पर टाटा कार का शोरूम है। 

बुधवार गुरुवार की दरमियानी रात दो बदमाश शोरूम के पीछे  खेत वाले रास्ते से आए और खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। आरोपियों ने अंदर घुसने के बाद कैश काउंटर में रखी तिजोरी निकाली और उसी खिड़की से भाग खड़े हुए| 

गुरुवार सुबह शोरूम पहुंचे कर्मचारियों को जब तिजोरी नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो पता चला कि वारदात को शोरूम की पीछे वाली खिड़की से अंजाम दिया गया है। 

सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक करने पर रात करीब 2.41 पर दो बदमाश शोरूम में अंदर नजर आए है। करीब पंद्रह मिनट में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शोरूम के बाहर बैठे गार्ड को तलब किया तो उसने बताया कि रात में उसे थोड़ी खटपट की आवाज आई थी, उसने देखा भी था, लेकिन उसे कोई नजर नहीं आया। 

पुलिस ने मैनेजर आदर्श पांडे की शिकायत पर नकबजनी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। शोरूम पूर्व डीजी विवेक जौहरी के भाई का बताया जा रहा है।