हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में गगरेट उपमंडल के आसमान से गुजर रहे सेना के एक चीता हेलीकॉप्टर को तकनीकी खराबी के कारण नाकदोह गाव में आपात लैंडिंग करनी पड़ी। जब हेलीकॉप्टर बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक उतरा तो स्थानीय लोग भी दंग रह गए। पहले तो किसी को समझ नहीं आया कि मामला क्या है। लेकिन लैंडिंग के बाद सेना के तीन जवानों ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेना का है।

पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंचे और उनसे बात करने के बाद सेना के जवानों ने अपने अधिकारियों को हेलीकॉप्टर में खराबी की जानकारी दी। जिस पर सेना का एक और हेलीकॉप्टर नाकदोह में उतरा और सेना के तकनीकी कर्मियों ने हेलिकॉप्टर की मरम्मत शुरू कर दी। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए ग्रामीणों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

बताया गया है कि हेलीकॉप्टर सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे पहुंचा और नाकदोह गांव में आसमान में कुछ देर तक घूमने के बाद पायलट को मैदान में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। लैंडिंग के तुरंत बाद सेना के तकनीकी कर्मियों ने हेलिकॉप्टर की मरम्मत शुरू कर दी। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी व जवान नागरिकों को हेलीकॉप्टर से दूर रखने के लिए मौके पर पहुंचे।