मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी समारोह के दौरान हुई हिंसा के बाद अब स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अफवाहों का बाजार गर्म है। पिछले चार दिनों से लगाए गए कर्फ्यू के चलते लोग अब भी घरों में हैं। लेकिन अब खबर यह है कि कर्फ्यू से धीरे-धीरे लोगों को राहत मिलने लगी है।
इसके बाद पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने रात्रि गश्त तेज कर दी। इस बीच जहां प्रदेश की शिवराज सरकार ने कहा कि दंगों को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। वहीं खरगोन की जनता से प्रशासन ने घर में ही जुमे की नमाज अदा करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि किसी को भी मस्जिद में नमाज अदा करने की इजाजत नहीं होगी।
खरगोन में आज से दो घंटे कर्फ्यू में ढील देने का ऐलान किया गया है। सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी जाएगी। यह रियायत महिला और पुरुष दोनों के लिए होगी। लेकिन इससे पहले अभी तक कर्फ्यू में ढील के दौरान सिर्फ महिलाओं को ही बाहर निकलने की इजाजत थी। इस बीच, मुसलमानों ने घर से जुमे की नमाज अदा करने की घोषणा की है।
शिवराज ने दी सख्त चेतावनी :
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को चेतावनी दी कि उनकी सरकार दंगों में शामिल किसी को भी नहीं छोड़ेगी। उन्होंने खरगोन में हालिया हिंसा में कथित रूप से शामिल लोगों के "अवैध ढांचे" को गिराने का भी आह्वान किया।
मुस्लिम समुदाय के लोग घर से ही नमाज अदा करेंगे :
वहीं खरगोन में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को घर से ही नमाज पढ़ने का फैसला किया। दरअसल, खरगोन में हुई हिंसा को लेकर अभी भी तनाव बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन के अनुसार मस्जिद समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि समुदाय के लोग घर से ही नमाज अदा करेंगे।