केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले केंद्रीय कर्मचारियों को तोहफा दिया है। कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को कैबिनेट में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने केंद्र के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 4 % बढ़ाने का फैसला किया है। सरकार के महंगाई भत्ते बढ़ाने से देश के 50 लाख कर्मचारियों और 65 लाख पेंशन धारकों को फायदा होगा। 

इस फैसले के बाद अब केंद्रीय कर्मचारियों का डीए बढ़कर 38 फीसदी हो गया है। महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2022 से लागू होगा। इसका अर्थ यह है कि जुलाई से ही केंद्रीय कर्मचारियों को 38 फीसदी डीए का फायदा मिलेगा। साथ ही जुलाई और अगस्त का DA Arrear भी दिया जाएगा। इससे पहले सरकार मार्च 2022 में डीए में इजाफे को मंजूरी दी थी, जिसे 1 जनवरी से लागू किया गया था।  

मार्च में सरकार ने DA में 3 % की बढ़ोतरी की थी, यानी इसे 31 % बढ़ाकर 34 % कर दिया गया था। केंद्रीय कर्मचारियों के अलावा पेंशनर्स को भी महंगाई भत्ता बढ़ने का फायदा मिलेगा। केंद्रीय पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में हुए इजाफे जितना ही फायदा मिलता है। उनके लिए भी महंगाई राहत में 4 फीसदी का इजाफा हुआ है। अब पेंशनर्स को भी 38 फीसदी की दर से पेंशन मिलेगी।