भोपाल. मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन के एस्केलेटर पर खतरनाक हादसा हुआ. यहां हुई एक घटना के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। दरअसल स्टेशन पर लगे एस्केलेटर पर खेल रहे 7 साल के एक बच्चे का हाथ एस्केलेटर पर फंस गया। इसका पता जब रेलवे के अधिकारियों को चला वो तुरंत मौके पर पहुंचे और बहुत मशक्कत के बाद बच्चे के हाथ को बाहर निकाला। बच्चे के हाथ में गंभीर चोट आई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बच्चा एस्केलेटर पर खेल रहा था और खेलते-खेलते उलटा उतरने लगा था।
रेलवे स्टेशन पर लगे एस्केलेटर पर एक 7 साल का बच्चा खेल रहा था। जानकारी के अनुसार बच्चा उलटा उतर रहा था और बाजू से सीढ़ी की साइड दीवार को हाथ से पकड़ा था। ऐसे में नीचे उतरने पर दीवार और एस्केलेटर के बीच की खाली जगह में उसका दायां हाथ फंस गया। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास से यात्री वहां पहुंच गए. डीआरएम भोपाल मंडल सौरभ बंदोपाध्याय ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी भी पहुंचे और बच्चे के लिए बचाव व राहत कार्य शुरु किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे के हाथ को निकाला गया और उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जिस वक्त ये हादसा हुआ तब बच्चा स्टेशन पर अकेला ही खेल था. उसके साथ परिवार का कोई दूसरा सदस्य नहीं था। कुछ घंटों बाद जब बच्चे को खोजती हुई स्टेशन पर उसकी मां पहुंची तो उन्हें भी तब घटना की जानकारी लगी। इसके बाद वो अस्पताल पहुंची। बताया जा रहा है कि बच्चे की मां स्टेशन के पास ही प्राइवेट जॉब करती है और इसलिए बच्चा अक्सर खेलते-खेलते स्टेशन पर आ जाता है।