New Delhi: राज्यसभा की 24 खाली हो रही सीटों पर चुनाव की तारीख का ऐलान शुक्रवार को हो गया। दस राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। चुनाव आयोग के मुताबिक एक जून को नोटिफिकेशन जारी होगा। 8 जून तक नामांकन भरा जा सकेगा। 9 जून को नामांकन की जांच होगी। 11 जून को नामांकन वापस लिया जा सकेगा। अगर जरूरी हुआ तो 18 जून को वोटिंग होगी। वोटिंग सुबह 9 से शाम 4 बजे तक होगी। 18 जून को मतगणना होगी और 20 जून तक राज्यसभा का चुनाव पूरा कर लिया जाएगा।
कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गुजरात से चार-चार सीटें होंगी खाली हो रही हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश से तीन-तीन सीटें खाली होने जा रही हैं। मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और झारखंड से एक-एक सीट खाली होंगी। इनके अलावा झारखंड, तमिलनाडु और महाराष्ट्र से एक-एक सीटों पर उपचुनाव भी हो सकता है। 22 रिटायर होने वाले सांसदों में 11 बीजेपी के हैं जबकि कांग्रेस के चार सांसद हैं।
केंद्रीय मंत्रियों पर तलवार लटकी
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण और रेलवे राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू राजस्थान से राज्य सभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल 21 जून को समाप्त हो रहा है। इसी तरह अल्पसंख्यक मामलों और मत्स्य पालन मंत्रालय में राज्य मंत्री जॉर्ज कूरियन मध्य प्रदेश से राज्य सभा सांसद हैं। उनका कार्यकाल भी 21 जून को समाप्त हो रहा है। माना जा रहा है कि पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर रवनीत सिंह को पार्टी दोबारा राज्य सभा भेज सकती है।
वहीं कूरियन को केरल चुनाव के मद्देनजर सरकार में लाया गया था। अब देखना होगा कि बीजेपी उन्हें फिर से राज्य सभा भेजती है या नहीं। केंद्रीय मंत्रिपरिषद में इन दोनों मंत्रियों का बना रहना इस बात पर निर्भर करेगा कि वे फिर से राज्य सभा में आते हैं या नहीं।
खरगे और दिग्विजय का क्या होगा?
कर्नाटक से संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस को तीन सीटें मिल सकती हैं। इनमें से एक पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का चुना जाना तय माना जा रहा है। वहीं मध्य प्रदेश में कांग्रेस को एक सीट जीतने के लिए जोर लगाना पड़ेगा। हालांकि उसके पास केवल छह सरप्लस वोट हैं। ऐसे में किसी वरिष्ठ नेता पर दांव लगाया जा सकता है। खुद दिग्विजय सिंह फिर से राज्यसभा जाने से इनकार कर चुके हैं। राज्य में दो सीटें बीजेपी और एक कांग्रेस को मिल सकती है। बीजेपी की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कूरियन भी दौड़ में हैं। राजस्थान में बीजेपी को दो और कांग्रेस को एक सीट मिल सकती है। बीजेपी की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी प्रवक्ता पवन खेड़ा का नाम चल रहा है।
गुजरात में कांग्रेस जीरो
कांग्रेस को बड़ा झटका गुजरात में लगने जा रहा है। अभी गुजरात से राज्यसभा की 11 सीटों में कांग्रेस के केवल एक ही सदस्य हैं। शक्तिसिंह गोहिल विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे हैं। वे 21 जून को रिटायर हो रहे हैं। वर्तमान में एक सीट जीतने के लिए 46 वोट चाहिए जबकि कांग्रेस के पास केवल 12 विधायक हैं। यानी कांग्रेस का गुजरात से अपना कोई भी उम्मीदवार राज्यसभा चुनाव में नहीं जीत सकता। यह पहली बार होगा जब गुजरात जैसे महत्वपूर्ण राज्य से कांग्रेस का राज्य सभा में कोई भी सदस्य नहीं होगा।