माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (एमपीबीएसई) ने 10वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है। स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने दोपहर 12 बजकर 27 मिनट पर मंडल मुख्यालय के विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र के सभागार में परिणाम घोषित किया। नतीजा 66.47% रहा। इस बार भी लड़कियां आगे रही हैं। टॉप टेन में 254 स्टूडेंट्स आए हैं।

प्रदेश में इंदौर के मृदुल पाल ने टॉप किया है। प्राची अग्रवाल दूसरे स्थान पर रहीं। अनुभव गुप्ता उमरिया, अभिषेक परमार अकोदिया, उन्नति अग्रवाल टीकमगढ़, राधा साहू डाबर, सुक्शिशा कटारे और प्रिया ठाकरे तीसरे स्थान पर रहे।

मंत्री परमार ने उत्तीर्ण विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि अनुत्तीर्ण विद्यार्थी चिंता न करें। एक और मौका मिलेगा। हम राज्य में और अधिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए भी काम करेंगे।

गौरतलब है कि 10वीं की परीक्षा में 9 लाख 65 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस बार परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 3852 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इसमें 3099 सरकारी और 753 निजी स्कूल शामिल हैं। 10वीं की परीक्षा 1 से 27 मार्च तक हुई थी। बोर्ड ने 52 केंद्रों पर 10वीं कक्षा की 57.04 लाख कॉपियों का सत्यापन किया। इस बार 10वीं-12वीं का रिजल्ट एक साथ घोषित किया गया।

वहीं 10वीं और 12वीं के नतीजे घोषित होने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को वीडियो संदेश दिया। उन्होंने कहा- प्यारे भांजे-भांजियों, फेल हो भी जाओ तो चिंता मत करना। 'रूक जाना नहीं योजना' के जरिए जून में एक बार फिर परीक्षा देने का मौका मिलेगा।