अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी इवांका ट्रम्प को कथित तौर पर हत्या की धमकी दी गई थी। द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स समर्थक आतंकी ने इवांका को निशाना बनाने की प्लानिंग की थी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने 32 साल के इराकी नागरिक मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी को गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि उसने इवांका की हत्या करने की कसम खाई थी।

आरोपी के पास इवांका और उनके पति जैरेड कुशनर के फ्लोरिडा स्थित घर का ब्लूप्रिंट यानी नक्शा भी मिला था। उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  पर फ्लोरिडा इलाके का एक नक्शा पोस्ट किया था, जहां इवांका और जैरेड का करीब 24 मिलियन डॉलर का घर है। उसने सोशल मीडिया पर धमकी देते हुए लिखा था कि अमेरिका वाले यह समझ लें कि सिर्फ बड़ी सुरक्षा और सीक्रेट सर्विस से वे सुरक्षित नहीं रहेंगे। हम उन पर नजर रख रहे हैं और सही समय आने पर बदला लिया जाएगा।

हिजबुल्लाह का मेंबर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प की बेटी इवांक की हत्या की कथित साजिश रचने वाला मोहम्मद बाकेर साद दाऊद अल-सादी 32 साल का इराकी नागरिक है। वह कताइब हिजबुल्लाह नाम के संगठन का सीनियर मेंबर है। कताइब हिजबुल्लाह एक उग्रवादी संगठन है, जिसे अमेरिका ने विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया हुआ है। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, अल-सादी पर यूरोप में अमेरिका से जुड़े ठिकानों और लोगों पर हमले करवाने का आरोप है।