देशभर में आज दशहरा पर्व मनाया जा रहा है। विजयदशमी के मौके पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चमोली पहुंचे, जहां उन्होंने आर्मी बस कैंप में शस्त्र पूजन किया। राजनाथ सिंह ने आज चीन सीमा पर स्थित अग्रिम चौकी पर सेना और आईटीबी कर्मियों के साथ दशहरा उत्सव मनाया।
राजनाथ सिंह ने विजयादशमी के अवसर पर उत्तराखंड के चमोली में औली सैन्य स्टेशन में 'शास्त्र पूजा' की, जहां भारतीय सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे भी मौजूद थे। पूजा कार्यक्रम के बाद राजनाथ सिंह ने कहा, हम मानते हैं कि हमारा देश हमारे सशस्त्र बलों के हाथों में सुरक्षित है। हमारे सशस्त्र बलों और अर्धसैनिक बलों के जवान हमारे देश का गौरव हैं। उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि भारत एकमात्र ऐसा देश है जहां हथियारों की पूजा की जाती है।
भारत एकमात्र देश जहां हथियारों की होती है पूजा-
राजनाथ सिंह ने आगे कहा, जब भी मुझे खाली समय मिलता है तो मैं जवानों के बीच आ जाता हूं। इस देश में सबसे महत्वपूर्ण भारतीय सेना है।
राजनाथ सिंह आगे ने कहा कि गलवान में जो हुआ उसमें सेना ने करिश्मा दिखाया। जहां तक भारत का सवाल है, भारत ने न तो दुनिया के किसी भी देश पर आक्रमण किया है और न ही किसी देश की एक इंच भूमि पर कब्जा किया है। फिर भी अगर कोई भारत के खिलाफ ये कोशिश करता है तो उसे करारा जबाव जरुर देंगें।
उत्तराखंड में सेना के जवानों ने दशहरा मनाया तो औली मिलिट्री स्टेशन देशभक्ति के गीत 'ए वतन तेरे लिए' से गूंज उठा।