Delhi CM Oath Taking: दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने के बाद गुरुवार 20 फरवरी को नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के 12 दिनों बाद नए मुख्यमंत्री को लेकर इंतजार खत्म हो गया है। रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस दौरान रेखा गुप्ता भगवा साड़ी में नजर आईं। वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं।
उनसे पहले आतिशी, शीला दीक्षित और सुषमा स्वराज दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। रेखा गुप्ता शालीमार बाग से विधायक हैं। उन्होंने तीन बार की आम आदमी पार्टी विधायक बंदना कुमारी को बड़े अंतर से हराया है।
रेखा गुप्ता के बाद एलजी विनय कुमार सक्सेना ने अन्य कैबिनेट सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद आशीष सूद ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंत्री पद की शपथ ली। रविन्द्र सिंह इंद्राजे ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इसके बाद कपिल मिश्रा और पंकज सिंह ने शपथ ली।
गुरुवार की सुबह एक राजपत्र जारी कर इन सभी लोगों के नाम घोषित किये गये। शपथ ग्रहण के बाद सभी के मंत्रालय तय किए जाएंगे। बीजेपी ने अपने मंत्रिमंडल की घोषणा करके जातियों और समुदायों को लुभाने की कोशिश की है। इसमें जाट, पंजाबी और पूर्वांचल सभी का ध्यान रखा गया है।
शपथ ग्रहण समारोह दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में संप्न्न हुआ। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, सांसद और एनडीए घटक दलों के नेता उपस्थित रहें। वहीं, कार्यक्रम में अन्य गणमान्य लोगों के साथ 50 हजार नेता, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) की पूर्व अध्यक्ष और पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता गुरुवार को दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गईं। रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग से विधायक चुनी गई हैं। वह मदन लाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा और सुषमा स्वराज के बाद दिल्ली बीजेपी की ओर से चौथी मुख्यमंत्री बनी हैं।
इसके साथ ही वह भाजपा शासित किसी भी राज्य में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं। वह दो बार दिल्ली की पार्षद और महापौर भी रह चुकी हैं। ऐसा कहा जाता है कि उनके आरएसएस से भी अच्छे संबंध हैं। रेखा गुप्ता भाजपा की उन कद्दावर नेताओं में से एक मानी जाती हैं जो समसामयिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती हैं।