Delhi High Court Notice To BBC: दिल्ली हाईकोर्ट ने BBC को एक गैर सरकारी संगठन की तरफ से दायर मानहानि के मुकदमे में सोमवार को नोटिस जारी किया है. इसमें दावा किया गया है कि BBC की डॉक्यूमेंट्री में भारत, न्यायपालिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिष्ठा को क्षति पहुंचाई गई है.
अब इस मामले में जस्टिस सचिन दत्ता ने BBC ब्रिटेन के साथ-साथ BBC भारत को भी नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने BBC से संगठन की तरफ से दायर मुकदमे पर जवाब देने को कहा है. संगठन की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने कोर्ट में बताया कि डॉक्यूमेंट्री में प्रधानमंत्री पर झूठे आरोप लगाए गए हैं.
बता दें कि बीबीसी ने जनवरी में यह डॉक्यूमेंट्री रिलीज की थी. इसमें गुजरात दंगों में कथित भूमिका को लेकर पीएम मोदी (तात्कालिक सीएम) को जिम्मेदार ठहराया गया था. डॉक्यूमेंट्री में यह बताया गया है कि हिंसा पहले से ही प्लान की हुई थी. वहीं, बीजेपी ने इस डॉक्यूमेंट्री को पूरी तरह से ग़लत बताते हुए इस पर बैन लगाने की बात कहीं थी.
भारत में डॉक्यूमेंट्री पर भारी हंगामे के बाद इसे बैन कर दिया गया था. इस डॉक्यूमेंट्री के रिलीज के बाद से ही बीबीसी दिक्कतों का सामना कर रहीं हैं. भारत में बीबीसी के अलग-अलग दफ्तरों पर आयकर विभाग ने छापेमारी की थी. तो वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) की रडार पर भी बीबीसी बना हुआ है.