दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी (AAP) की मेयर उम्मीदवार शैली ओबेरॉय की जीत से पार्टी में जश्न का माहौल हैं. तो वहीं बीजेपी को तमाम मशक्कत के बाद भी हार का सामना करना पड़ा.
दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस जीत के बाद बीजेपी पर हमला बोलते हुए उन्हें गुंडा तक कह दिया.
उन्होंने AAP मेयर शैली ओबेरॉय को जीत की बधाई देते हुए ट्वीट में लिखा कि गुंडे हार गए, जनता जीत गई. दिल्ली नगर निगम में आज दिल्ली की जनता की जीत हुई और गुंडागर्दी की हार..! फ़िलहाल, बीजेपी की तरफ से इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई हैं.
AAP की जीत, बीजेपी की हार-
बता दें कि दिल्ली नगर निगम को 80 दिनों बाद अपना नया मेयर और डिप्टी मेयर मिला. AAP उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने दिल्ली का मेयर चुनाव जीत लिया है.
शैली ओबेरॉय ने बीजेपी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 34 वोटों से हरा दिया हैं. मेयर चुनाव में दिल्ली के कुल 10 चुने हुए सांसदों, 14 विधायकों और 250 में से 241 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान किया. तो वहीं कांग्रेस के 9 पार्षदों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया.
जानकारी के मुताबिक, शैली ओबेरॉय को 150 वोट मिले, जबकि रेखा गुप्ता को सिर्फ 116 वोट मिले. करीब 34 वोटों की बढ़त से AAP की जीत हुई है.
डिप्टी मेयर पद पर भी AAP को जीत-
दिल्ली नगर निगम के डिप्टी मेयर पद पर भी AAP को जीत मिली है. AAP प्रत्याशी आले मोहम्मद इकबाल ने डिप्टी मेयर पद पर बीजेपी उम्मीदवार कमल बागडी को हरा दिया हैं. आले मोहम्मद इकबाल को 147 वोट मिले, तो वहीं बीजेपी के कमल बागडी को 116 वोट मिले.