Delhi MCD Election: दिल्ली में एमसीडी चुनाव के बीच राजधानी की कॉलोनियों और रिहायशी इलाकों के कायाकल्प को लेकर बीजेपी ने अपना पूरा प्लान सामने रखा. जिसमें केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि जल्द ही केंद्र की योजना के तहत दिल्ली की अवैध कॉलोनियों को वैध किया जाएगा.
देंखे वीडियो-
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएम मोदी ने विज्ञान भवन से कालका जी में बनाए गए EWS के 3 हजार से अधिक फ्लैट्स की चाबी लाभार्थियों को सौंपी. जेलरवाला बाग में भी एक प्रोजेक्ट है, जिसमें बड़ी संख्या में फ्लैट्स बनाए गए हैं. इसके अलावा कठपुतली कॉलोनी व कुछ अन्य प्रोजेक्ट्स भी हैं. केंद्र सरकार निरंतर गरीबों के लिए कार्य कर रही है.
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, दिल्ली की आबादी 2011 के जनगणना के अनुसार, 1.67 करोड़ मानी गई थी. अब जब अगली जनगणना होगी तो दिल्ली की आबादी 2 करोड़ से अधिक ही होगी. जो हमारी स्किम्स अभी लागू हैं, जहां 'झुग्गी वहां मकान' के तहत 10 लाख लाभार्थी होंगे. हमने मैनिफेस्टो में भी कुछ फिगर दिए हैं.
उन्होंने आगे कहा, जो अनियमित कॉलोनी हैं, उनमें 'पीएम उदय' योजना के तहत 50 लाख नागरिकों को लाभ मिलेगा. 'लैंड पूलिंग योजना' के अंतर्गत 75 लाख लाभार्थी होंगे. दिल्ली की 2 करोड़ आबादी में से 1 करोड़ 35 लाख नागरिक री-डेवलपमेंट का लाभ उठाएंगे.
बीजेपी का 'मास्टर प्लान 2041' के बारे में विस्तार से बताते हुए केंद्रीय मंत्री बोले, इस समय दिल्ली में 675 कलस्टर्स हैं. इसमें से 376 कलस्टर्स या 172 हजार हाउस होल्ड्स, डीडीए और केंद्र सरकार की भूमि पर हैं. इसमें से हमने 210 में काम पूरा कर लिया है. लोगों से फॉर्म भरवाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है.
उन्होंने आगे बताया कि 2040 तक दिल्ली की कुल आबादी 3 करोड़ तक पहुंच जाएगी. जनसंख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन जमीन उतनी ही है. इसीलिए दिल्ली के लिए 2041 तक का मास्टर प्लान तैयार किया गया है. जिसमें गरीबों के लिए पक्के मकान और अवैध कॉलोनियों के रीडेवलेपमेंट का काम शामिल है.