दिल्ली MCD को करीब 80 दिन बाद नया मेयर मिलेगा. दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव परिणाम पिछले साल 7 दिसंबर को घोषित किए गए थे. इसमें सबसे ज्यादा सीटें (AAP) आम आदमी पार्टी ने जीती थीं. दिल्ली नगर निगम में मेयर चुनाव के लिए AAP से शैली ओबरॉय और बीजेपी से रेखा गुप्ता मैदान में है. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली मेयर चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है. दिल्ली के चुने हुए सांसदों ने अपना-अपना वोट डाल दिया है. सांसदों के बाद दिल्ली के विधायक ने भी वोट डाला. दिल्ली के सांसद और विधायकों ने मेयर चुनाव के लिए अपना वोट दे दिया है. अब वोटिंग का तीसरा चरण जारी है. इसमें दिल्ली के नवनिर्वाचित पार्षद वोट डालेंगे. 

मेयर चुनाव के लिए कुल 274 वैध वोट हैं. इनमें से 9 कांग्रेस के पार्षद वोटिंग में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, कांग्रेस ने मेयर चुनाव में हिस्सा नहीं लिया है. ऐसे में आज चुनाव में कुल 265 वोट डलने की उम्मीद है. दोनों मेयर उम्मीदवारों में से किसी को भी बहुमत के लिए 134 वोट चाहिए. 

दिल्ली MCD चुनाव के नतीजे पिछले साल 7 दिसंबर को आ गए थे. एमसीडी चुनाव में AAP ने 134 सीटें जीतीं जबकि बीजेपी को 104 सीटों पर जीत मिली थी. 

इसके बाद से तीन बार सदन की बैठक बुलाकर मेयर चुनने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है. हालांकि, हंगामे के चलते तीनों बार दिल्ली MCD को अपना नया मेयर नहीं मिल सका. 

जिसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा और कोर्ट ने हाल ही में जल्द से जल्द चुनाव कराने के निर्देश जारी किए. इसके साथ ही कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि एलजी द्वारा नामित किए पार्षद मेयर के चुनाव में वोट नहीं डालेंगे.