हाल ही में दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो को लेकर ये दावा किया जा रहा था कि उन्होंने एक महिला को वीडियो रिकॉर्ड करने पर उसका फोन छीन लिया और थप्पड़ मार दिया। वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी, कांग्रेस समेत सभी दलों ने बीजेपी नेता पर जमकर हमला बोला था।

अब विजय गोयल ने आरोपों से इनकार करते हुए घटना का एक और वीडियो जारी किया है। जिसमें उन्होंने उन पर लगाए गए सभी आरोपों का खंडन किया है।

दरअसल, आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि बीजेपी नेता विजय गोयल का वीडियो 4 जून रविवार का है। विजय गोयल ने आवारा कुत्तों पर जागरुकता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया था। इसी दौरान उन्होंने एक महिला पर हाथ उठाया और उसका फोन भी छीन लिया।

इस वीडियो को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी नेता विजय गोयल पर निशाना साधा था। कांग्रेस नेता श्रीनिवास बीवी ने इस घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, 'बीजेपी नेता विजय गोयल ने आवारा कुत्तों के काटने की समस्या पर चौपाल लगाई, फिर वीडियो में देखिए उन्होंने क्या किया। 

मामले को लेकर  विजय गोयल की सफाई आई सामने आई है। उन्होंने उसी चौपाल का एक और वीडियो अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर किया है। भाजपा नेता विजय गोयल ने वायरल वीडियो और विपक्षी नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन भी किया है।

घटना का वीडियो दूसरे एंगल से शेयर करते हुए गोयल ने अपने ट्वीट में लिखा, "सोशल मीडिया पर मेरे खिलाफ कई झूठे वीडियो फैलाए जा रहे हैं। @AamAadmiParty की आदत ही हैं झूठ फैलाने की। आप देखिए, न तो मैंने किसी का फोन छीना न ही किसी महिला पर हाथ उठाया।