दिल्ली के मुखर्जी नगर स्थित एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई, जिसके बाद छात्रों को रस्सी के सहारे जान बचाने के लिए खिड़की से कूदना पड़ा। दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद रहीं। आग दोपहर करीब 12 बजे लगी।
पुलिस के मुताबिक आग बिजली के मीटर में लगी थी, जो ज्यादा बड़ा नहीं था, लेकिन धुआं उठने के बाद बच्चे घबरा गए और पीछे के रास्ते से रस्सी के सहारे इमारत से नीचे उतरने लगे, जिससे 4 छात्र घायल हो गए। दरअसल, रस्सी के सहारे नीचे उतरने की कोशिश में कई छात्रों के हाथ से रस्सी छूट गई और वे ज़मीन पर गिर पड़े।
दिल्ली पुलिस के पीआरओ सुमन नलवा ने कहा कि आग इमारत के मीटर में लगी थी। ऊपर की तरफ धुआं फैल गया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। मुखर्जी नगर के बत्रा सिनेला के पास ये एक सिविल सर्विसेज की तैयारियों के लिए एक कोचिंग सेंटर था। खिड़की से नीचे उतरने की कोशिश करने के दौरान घायल हुए छात्रों को हॉस्पिटल ले जाया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है।