इस साल अब तक देश भर में डेंगू के 80,000 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अब तक 12 राज्यों में डेंगू से 60 मरीजों की मौत हो चुकी है। केरल में डेंगू से 20 मरीजों की मौत हो चुकी है। राजस्थान और हरियाणा में 6-6, पश्चिम बंगाल और पंजाब में 3-3 मरीज, तो वहीं बिहार, तमिलनाडु में भी डेंगू से मौत के मामले सामने आए हैं।
केंद्र की ओर से गठित 13-14 टीमें सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों का दौरा कर रही हैं। पिछले ढाई महीने में डेंगू के मामले तेजी से बढ़े हैं। दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों ने अस्पतालों को डेंगू के मरीजों के लिए कुछ बेड रिजर्व करने का निर्देश दिया है। इसलिए राज्यों ने भी अपनी टीमें बनाई हैं, जो डेंगू की स्थिति पर नजर रख रही हैं।
इस साल किस राज्य में कितने मरीज?
- तेलंगाना= 10,000
- कर्नाटक= 6500
- राजस्थान= 6000
- उड़ीसा और महाराष्ट्र= 5000
- तमिलनाडु= 4500
- बिहार, आंध्र प्रदेश और गुजरात= 4000
- दिल्ली= 3500
- केरल= 3200
- हरियाणा= 2500
- जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश= 2000
- उत्तराखंड= 1500
- अंडमान और निकोबार= 1000
- दादरा नगर हवेली= 400
- चंडीगढ़= 300
विभिन्न राज्यों में जनवरी से जून तक कुल मामलों में से लगभग 25% मामले सामने आए हैं।
दिल्ली में अक्टूबर के पहले 12 दिनों में 635 मामले-
दिल्ली में 12 अक्टूबर तक डेंगू के 635 मामले सामने आए हैं, जिससे इस साल ऐसे मामलों की संख्या 1,572 हो गई है। दिल्ली नगर निगम (MCD) की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब तक दर्ज किए गए 1572 डेंगू मामलों में से 693 अकेले सितंबर में दर्ज किए गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल सितंबर के अंत तक दिल्ली में डेंगू के 937 मामले सामने आ चुके हैं और अक्टूबर के पहले 12 दिनों में 635 नए मामले सामने आए हैं। बता दें कि साल 2015 में दिल्ली में डेंगू का जबरदस्त प्रकोप देखा गया था। इस बार भी अक्टूबर तक डेंगू के 10,600 से ज्यादा मामले सामने आए।