भोपाल। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस मुख्यालय के अंतर्गत आने वाली एमटी शाखा (पुलिस वाहनों का रखरखाव एवं मरम्मत करने वाली शाखा) को एसएएफ से छीनकर प्रबंध शाखा को सौंप दिया है।

इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि पुलिस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं का पुन: नये सिरे से कार्य वितरण किये जाने हेतु गठित समिति द्वारा पुलिस अधीक्षक (एमटी) का पद प्रबंध शाखा के अधीन करते हुए पुलिस मुख्यालय के एमटी वर्कशाप से संबंधित समस्त कार्य भी प्रबंध शाखा के अधीन सौंपे जाने की अनुशंसा की गई है।

इसलिये समिति द्वारा प्रदत्त उक्त अनुशंसा को मान्य करते हुए पुलिस अधीक्षक (एमटी) का पद विसबल से वापस लेकर प्रबंध शाखा को सौंपा जाकर एमटी वर्कशाप का समस्त कार्य तत्काल प्रभाव से प्रबंध शाखा के अधीन किया जाता है।