सार 

उपचुनाव में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दर्ज़ की बड़ी जीत। कांग्रेस प्रत्याशी की बड़ी हार। मुख्यमंत्री बने रहने के लिए जरूरी था जीतना। सीएम धामी ने जीत के बाद जताया जनता का आभार। 

विस्तार  

उत्तराखंड की चंपावत विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बड़ी जीत हासिल की है। शुक्रवार को घोषित उपचुनाव के नतीजे में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को करीब 55 हज़ार मतों से हराया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए पुष्कर सिंह धामी का चंपावत विधानसभा सीट से जीतना बेहद जरूरी था। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही राउंड में बढ़त बना ली जो हर राउंड में लगातार बढ़ती रही। 13 चरणों की मतगणना के बाद धामी ने कांग्रेस प्रत्याशी को  54 हजार 121 वोटों से हरा दिया। सीएम धामी की जीत के साथ ही बीजेपी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ सड़कों पर उतर आये। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जीत के बाद जनता का धन्यवाद देते हुए कहा कि “ मैं चंपावत की जनता को धन्यवाद देना चाहता हूं। जिन्होंने मुझे अपना समर्थन दिया। 

चंपावत विधानसभा में उपचुनाव के तहत 31 मई को मतदान हुआ था।.यह उपचुनाव मुख्यमंत्री धामी और भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण था। पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत केंद्रीय मंत्रियों स्मृति ईरानी एवं अनुराग ठाकुर और धामी मंत्रिमंडल के वरिष्ठ मंत्रियों को चुनावी मैदान में उतार दिया था। 

गौरतलब है कि राज्य में इसी वर्ष हुए विधानसभा के आम चुनाव में 70 में से 47 सीटें जीतकर भाजपा ने नया रिकॉर्ड बनाया था लेकिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने विधानसभा क्षेत्र खटीमा से हार गए थे। इस हार के बावजूद पार्टी आलाकमान ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज किया था। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार मुख्यमंत्री बने रहने के लिए धामी को 6 महीने के अंदर विधायक बनना जरूरी था।