बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई सौरभ गर्ग उर्फ शालिग्राम पर एक दलित परिवार को गाली देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था. रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा बागेश्वर के भाई का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो एक दलित परिवार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता हुआ दिखाई दे रहा हैं.
आरोप है कि सौरभ गर्ग मुंह में सिगरेट और एक हाथ में रिवॉल्वर लेकर परिवार को धमका रहा था. जानकारी के मुताबिक, जब यह घटना हुई, उस वक्त परिवार में एक बेटी की शादी चल रहीं थी. सौरभ गर्ग ने रिवाल्वर दिखाकर एक दलित परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी भी दी थी. इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. यह पूरी घटना 11 फरवरी की बताई जा रहीं है.
छतरपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार-
घटना के 13 दिन बाद छतरपुर पुलिस ने वायरल वीडियो पर कार्रवाई करते हुए सालिगराम गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. वायरल वीडियो और परिवार द्वारा दर्ज FIR के आधार पर सालिगराम पर मारपीट, आर्म्स एक्ट, धमकाना, जान से मारने की धमकी, संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के तहत IPC की धारा 294, 323, 506, 427 एवं 3(1) द 3(1) ध 3(2)v व एससी एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद अब शालिग्राम को पुलिस ने छतरपुर कोर्ट में पेश कर दिया हैं. इसके बाद पूरी संभावना है कि उसे पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड में भेज दिया जायेगा.
जानिए पूरे घटनाक्रम के पीछे का कारण-
बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर 'सामूहिक विवाह सम्मेलन' का आयोजन किया गया था. जिसमें करीब 121 गरीब कन्याओं का विवाह कराया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दलित परिवार को अपनी बेटी की शादी बागेश्वर धाम में करने की बात भी कही गई थी, लेकिन परिवार ने इनकार कर दिया था. इस पर सौरभ गर्ग भड़क गए और दलित परिवार की शादी में पहुंचकर उन्हें धमकाने लगे. जिसका वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अब उसे गिरफ्तार कर लिया है.