बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई सौरभ गर्ग उर्फ शालिग्राम पर एक दलित परिवार को गाली देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा बागेश्वर के भाई का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो एक दलित परिवार के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहा हैं.
रिवॉल्वर दिखाकर दलित परिवार को धमकाया-
आरोप है कि सौरभ गर्ग मुंह में सिगरेट और एक हाथ में रिवॉल्वर लेकर परिवार को धमका रहा था. जानकारी के मुताबिक, जब यह घटना हुई, उस वक्त परिवार में एक बेटी की शादी चल रहीं थी. सौरभ गर्ग ने रिवाल्वर दिखाकर एक दलित परिवार के सदस्य को जान से मारने की धमकी भी दी. इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. यह पूरी घटना 11 फरवरी की बताई जा रहीं है.
जानिए पूरे घटनाक्रम के पीछे का कारण-
बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि पर 'सामूहिक विवाह सम्मेलन' का आयोजन किया गया था. जिसमें करीब 121 गरीब कन्याओं का विवाह कराया गया. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दलित परिवार को अपनी बेटी की शादी बागेश्वर धाम में करने की बात भी कही गई थी, लेकिन परिवार ने इनकार कर दिया था. इस पर सौरभ गर्ग भड़क गए और दलित परिवार की शादी में पहुंचकर उन्हें धमकाने लगे.
कौन हैं ये सौरभ गर्ग?
सौरभ गर्ग पंडित धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई हैं. उन्हें अक्सर धीरेंद्र शास्त्री के साथ यात्रा करते और कई मंचों व कार्यक्रमों में साथ देखा गया है. फ़िलहाल वायरल वीडियो पर पुलिस की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया है.