चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2023 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को हराकर पांचवीं बार खिताब जीता। चेन्नई की जीत के बाद धोनी ने ट्रॉफ़ी लेने के समय अंबाति रायुडू और रवींद्र जडेजा को आगे खड़ा कर दिया और टीम को आगे कर ख़ुद पीछे खड़े हो गए।
जीत के बाद धोनी ने संन्यास को लेकर सवालों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वे फिलहाल रिटायर का ऐलान नहीं कर रहे हैं। संन्यास की अटकलों को खारिज करते हुए धोनी ने कहा कि अगर परिस्थितियों को देखे तो मेरे लिये संन्यास लेने का यह सही समय है. मेरे लिए यह कहना बहुत आसान है कि अब मैं विदा ले रहा हूं, लेकिन अगले नौ महीने तक कड़ी मेहनत करके लौटना और एक सत्र और खेलना कठिन है।
धोनी ने आगे कहा कि चेन्नई के प्रशंसकों ने जिस तरह से मुझे प्यार दिया, यह उनके लिये मेरा तोहफा होगा कि मैं एक सत्र और खेलूं। उन्होंने जो प्यार और जज्बात दिखाये हैं, मुझे भी उनके लिए कुछ करना चाहिए।
अगर मुकाबले की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने रोमांचक फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। गुजरात ने पहले बैटिंग करते हुए 214 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई को डकवर्थ लुईस नियम से लक्ष्य दिया गया। इसे चेन्नई ने आखिरी गेंद पर 5 विकेट रहते हुए जीत लिया।