महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक उठापटक के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने बुधवार को कैबिनेट की बैठक बुलाई। बैठक ऐसे समय बुलाई गई थी जब सुप्रीम कोर्ट गुरुवार को विधानसभा में फ्लोर टेस्ट कराने के राज्यपाल के आदेश के खिलाफ एक मामले की सुनवाई कर रहा है। हालांकि, बैठक के दौरान उद्धव ठाकरे के बयानों से पता चलता है कि उन्होंने हार मान ली है और कभी भी इस्तीफा दे सकते हैं।

उद्धव कैबिनेट बैठक के दौरान कोरोना से संक्रमण के चलते उपमुख्यमंत्री अजित पवार और कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल ऑनलाइन बैठक में मौजूद रहे। ठाकरे ने अपने सभी साथियों का शुक्रिया अदा किया और कहा कि उनके अपनों ने ही उन्हें धोखा दिया है। हालांकि, गठबंधन सहयोगी के रूप में ढाई साल तक उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।

उल्लेखनीय है कि महाविकास अघाड़ी गठबंधन में शिवसेना के अलावा राकांपा और कांग्रेस भी शामिल हैं। अगर सुप्रीम कोर्ट ने राज्यपाल द्वारा बुलाए गए फ्लोर टेस्ट को मंजूरी दे दी, तो उद्धव ठाकरे इस्तीफा दे देंगे। ठाकरे फ्लोर टेस्ट के लिए नहीं जाएंगे और पहले इस्तीफा देंगे। मुलाकात के दौरान उद्धव ठाकरे भावुक नजर आए और अपने साथ हुए विश्वासघात का जिक्र बार-बार करते रहें।