हाल में विदिशा में बेटी और पिता द्वारा खुदकुशी के मामले में गृहमंत्री डा नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि जब छेड़छाड़ का विषय सामने आया था तो शिकायत दर्ज कर समन भेज दिया गया था। उसके बाद में जब लड़की द्वारा खुदकुशी की घटना सामने आई थी तो 306 के तहत केस दर्ज करके सुदीप धाकड़ को जेल भेज दिया था।
लड़की के पिता द्वारा खुदकुशी की घटना के बाद आरोपी पर वापस कायमी कर, दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहां के टीआई और हेड कांस्टेबल को लाइन अटैच किया गया है। अब भोपाल से डीआईजी स्तर के अधिकारी साथ टीम को लेकर जाएंगे और तीन दिन के अंदर इस पूरी घटना की रिपोर्ट करेंगे। ज्ञात हो इस मामले में आरोपियों की भाजपा से संबध्दता की बात कही जा रही है।