राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के रेस से बाहर होने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष के लिए दावेदारों की तस्वीर आज साफ हो जायगी। नामांकन भरने का आज आखिरी दिन है और अध्यक्ष पद के दावेदार शशि थरूर फॉर्म जमा करने के लिए कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे हैं। वहीं दिग्विजय सिंह ने भी नामांकन फॉर्म लिया है और फॉर्म जमा करने से पहले उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की है। 

इधर दिग्विजय सिंह के प्रस्तावक बनने मध्यप्रदेश के नेता दिल्ली पहुंचे हैं। दिग्विजय सिंह के बेटे और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और पूर्व मंत्री व विधायक पीसी शर्मा भी अपने समर्थकों के साथ गुरुवार रात दिल्ली रवाना हो गए।  

दूसरी ओर कांग्रेस के जी-23 से भी अध्यक्ष पद का कोई दावेदार सामने आएगा या नहीं यह भी आज तय हो जाएगा। कल जी-23 की बैठक के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इन नेताओं की ओर से भी कोई नाम सामने आ सकता है। चर्चा है कि मनीष तिवारी भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। गुरुवार रात दिल्ली में कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के घर कांग्रेस पार्टी के G-23 गुट की बैठक में मनीष तिवारी, पृथ्वीराज चव्हाण, बीएस हुड्डा समेत कांग्रेस G-23 खेमे के कई बड़े नेता मौजूद रहे थे।

वहीं राजस्थान में हुए घटनाक्रम के बाद अशोक गहलोत इस रेस से पूरी तरह बाहर हो गए हैं। दिल्ली में गुरुवार को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सोनिया गांधी के बीच लंबी मुलाक़ात हुई थी। इस मुलाकात के बाद के खुद गहलोत ने स्पष्ट कर दिया था कि वह इस माहौल में अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे। राजस्थान में हुए घटनाक्रम को लेकर दुख भी गहलोत ने सोनिया गांधी से माफी मांग अफ़सोस जताया था।