एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचीं। यहां उन्होंने भाजपा और अपने कुछ सहयोगियों से समर्थन मांगा। सीएम योगी ने एनडीए उम्मीदवार के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया था।
जानकारी के अनुसार, इस रात्रि भोज में ओमप्रकाश राजभर, शिवपाल यादव, राजा भैया और बसपा विधायक भी मौजूद थे। चारों नेताओं की मौजूदगी ने सियासी समीकरण में बदलाव के संकेत दिए है। वहीं, सपा गठबंधन में दरार के भी संकेत मिल रहे हैं।
बता दें कि जनसत्ता दल (डेमोक्रेटिक) के दोनों विधायक भी एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करेंगे। पार्टी प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि समय रहते एनडीए उम्मीदवार का समर्थन करना जरूरी है। रात्रिभोज में बसपा विधायक उमाशंकर भी शामिल हुए। राजा भैया ने मीडिया से बातचीत में पुष्टि की है कि वह, राजभर, शिवपाल यादव और उमाशंकर सिंह रात्रि भोज में शामिल हुए थे।
बीजेपी विधायकों और सांसदों के साथ भी बैठक हुई-
सीएम योगी के डिनर में ओमप्रकाश राजभर और शिवपाल यादव भी शामिल हुए थे। योगी ने विधायकों और सांसदों को डिनर पर बुलाया था। इससे पहले लोकभवन में बीजेपी सांसदों और विधायकों के साथ बैठक हुई थी। योगी ने यह डिनर पार्टी अपने आवास पंच कालिदास में रखी थी।
दो दिन पहले लखनऊ आए थे विपक्षी प्रत्याशी-
दो दिन पहले जब विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा भी लखनऊ पहुंचे तो अखिलेश यादव ने राजभर और शिवपाल यादव को बैठक में नहीं बुलाया था। इससे पहले अखिलेश ने AC छोड़ने की राजभर की सलाह का जवाब दिया था। अखिलेश ने साफ किया कि सपा को किसी की सलाह की जरूरत नहीं है। इसके बाद से ही राजभर नाराज़ लग रहे थे।
एनडीए का समर्थन करूंगा: शिवपाल
शिवपाल यादव बोले, मैं पहले ही कह चुका हूं कि जो सम्मान देगा उसे वोट दूंगा। सोशलिस्ट पार्टी ने मुझे भी नहीं बुलाया। न ही मेरा वोट मांगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कल मुझे रात्रि भोज पर आमंत्रित किया, जहां मैंने एनडीए से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें समर्थन देने का फैसला किया।