राज्यसभा में उस समय दिलचस्प नज़ारा दिखाई दिया जब राज्यसभा के चेयरमैन के तौर पर वेंकैया नायडू ने आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्डा को पहले प्यार पर नसीहत दी। सोमवार को सांसद राघव चड्ढा ने वेंकैया नायडू को विदाई देते हुए पहले प्यार का जिक्र किया और उसके जवाब में वेंकैया नायडू ने भी पहले प्यार को लेकर दिलचस्प बात कही।
दरअसल वेंकैया नायडू का बतौर उप राष्ट्रपति कार्यकाल 10 अगस्त का समाप्त हो रहा है। ऐसे में राज्यसभा के चेयरमैन के तौर पर वेंकैया नायडू को सदन के सदस्य अपने संबोधन में बधाई दे रहे थे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा ने कहा कि हर व्यक्ति को अपना पहला अनुभव याद होता है, स्कूल का पहला दिन, पहला स्कूल प्रिंसिपल, पहली टीचर, पहला प्यार।
आज राज्यसभा में पहले प्यार पर वेंकैया नायडू की राघव चड्ढा को समझाइश😊
— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) August 8, 2022
pic.twitter.com/cUUeheYem4
उन्होंने आगे कहा कि इस सदन में जब मैं आया तो मेरे पहले चेयरमैन के रूप में मैं सदैव आपको याद रखूंगा। यह मेरा सौभाग्य है कि जब मैंने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत की तो मुझे आपका संरक्षण प्राप्त था।
राघव चड्ढा के संबोधन पर वेंकैया नायडू ने कहा कि मेरे ख्याल से प्यार एक ही होता है, एक बार, दूसरी बार ऐसा नहीं होता है ना, पहला प्यार, पहला ही होता है। जिसके जवाब में राघव चड्ढा ने कहा मैं इतना अनुभवी नहीं हूं सर, अभी जीवन में इतना अनुभव नहीं हुआ है, लेकिन अच्छा होता है। जिस पर वेंकैया नायडू ने कहा पहला प्यार अच्छा होता है और वह हमेशा रहता है जिंदगी भर।
दोनों के बीच का यह संवाद काफी चर्चाओं में हैं। इसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।