मध्यप्रदेश से होकर गुज़र रही भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने तीखा सवाल पूछा है। वीडी शर्मा ने प्रियंका गांधी के समक्ष उमंग सिंघार के मामले को लेकर सवाल उठाया है। 

वीडी शर्मा ने गुरुवार को ट्वीट किया कि ‘क्या प्रियंका गांधी का 'लड़की हूँ लड़ सकती हूँ' का नारा कांग्रेस के नेताओं पर लागू नहीं होता? प्रियंका गांधी से मध्यप्रदेश की बेटियाँ पूछ रही हैं कि बलात्कार के आरोपी कांग्रेस विधायक और गुजरात के सह-प्रभारी उमंग सिंघार के खिलाफ वो कब कार्रवाई करेंगी’?

आपको बता दें, कि कांग्रेस ने उमर सिंघार को गुजरात चुनाव के लिए सह-प्रभारी बनाया है। सिंघार के खिलाफ उनकी पत्नी ने ही दुष्कर्म और अप्राकृतिक कृत्य का आरोप लगाया है। पूर्व मंत्री और आदिवासी विधायक उमंग सिंघार के खिलाफ FIR दर्ज कराने वाली उनकी पत्नी भी कांग्रेस की भी पदाधिकारी बताई जा रही है।

प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के समय 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' का नारा दिया था, जो काफी लोकप्रिय भी साबित हुआ था। अब BJP के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने प्रियंका को उनके ही दिए नारे से मध्यप्रदेश में घेरा है। 

गौरतलब है कि विधायक उमंग सिंघार ने भी अपनी पत्नी के ख़िलाफ़ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उनकी पत्नी ने उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की और उन्हें ब्लैकमेल किया। सिंघार ने बताया कि 16 अप्रैल 2022 को उन्होंने महिला से शादी की थी। शादी के बाद से ही वह ब्लैकमेल करने लगीं। इस पूरे मामले में विधायक उमंग सिंघार का कहना है कि मुझे बदनाम करने और मेरी प्रतिष्ठा खराब करने की साजिश रची जा रही है।

पूर्व मंत्री को लेकर ये कोई पहला विवाद नहीं है। इससे पहले भी सिंघार की एक महिला मित्र ने उनके बंगले में आत्महत्या कर ली थी। तब भी मामला काफी गरमा गया था।