कॉमनवेल्थ गेम्स में सोमवार का दिन भारतीय शटलर ने स्वर्णिम इतिहास रचा। पहले पीवी सिंधु ने एकल मुकाबले में गोल्ड मैडल जीता उसके बाद लक्ष्य सेन ने भी एकल मुकाबले में भारत को सोना जिता इतिहास रच दिया।  

भारत के बैडमिंटन स्टार लक्ष्य सेन ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के पुरुष सिंगल्स फाइनल धमाकेदार प्रदर्शन किया। पहला गेम गंवाने के बाद लक्ष्य अपने लक्ष्य से नहीं डिगे। लक्ष्य ने मलेशिया के त्जे यंग पर जोरदार पलटवार कर मुकाबला 19-21, 21-9, 21-16 से जीत लिया। 

इससे पहले भारत की पीवी सिंधु ने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मैडल जीता। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने सिंगल्स फाइनल में कनाडा की वर्ल्ड नंबर 13 मिशेल ली को सीधे गेम में 21-15, 21-13 से हरा गोल्ड मैडल अपने नाम किया। 

पीवी सिंधु का यह राष्ट्रमंडल खेलों की एकल स्पर्धा में पहला स्वर्ण है। राष्ट्रमंडल खेलों में महिला एकल में भारत का यह दूसरा स्वर्ण पदक है। सिंधु से पहले 2010 और 2018 में साइना नेहवाल स्वर्ण जीती थीं।

इससे पहले पीवी सिंधु  ने 2018 गोल्ड कोस्ट में उन्हें मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। तब एकल में वह साइना नेहवाल के खिलाफ फाइनल हार गई थीं।पीवी सिंधु ने पहले गेम में शानदार शुरुआत की। प्रारम्भ से ही बढ़त लेकर सिंधु ने पहले गेम को 21-15 से अपने नाम कर लिया।

दूसरे गेम में सिंधु ने जबर्दस्त पावर गेम दिखाया जिसका ली के पास इसका कोई जवाब नहीं था। वह ब्रेक तक 11-6 से आगे हो गईं। इसके बाद सिंधु ने ली को कोई मौका नहीं दिया और दूसरे गेम को 21-13 से अपने नाम कर लिया।