नई दिल्ली. सोमवार को द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली. वे भारत की 15वीं राष्‍ट्रपति बनीं हैं. चीफजस्टिस एनवी रमना ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई। वे सर्वोच्च संवैधानिक पद संभालने वाली पहली आदिवासी महिला हैं. द्रौपदी मुर्मू देश की दूसरी महिला राष्ट्रपति हैं, तथा स्वतंत्र भारत में पैदा होने वाली देश की पहली राष्ट्रपति हैं। शपथ के बाद राष्ट्रपति भवन में निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उनकी पत्नी सविता कोविंद ने निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी।

राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद द्रौपदी मुर्मू ने अपना पहला संबोधन दिया. उन्होंने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा- 
जोहार ! नमस्कार ! मैं भारत के समस्त नागरिकों की आशा,आकांक्षा और अधिकारों की प्रतीक पवित्र संसद से देशवासियों का पूरी विनम्रता से अभिनंदन करती हूं।आपकी आत्मीयता, विश्वास और सहयोग मेरे लिए इस नए दायित्व को निभाने में बहुत बड़ी ताकत होंगे। 

उन्होंने कहा कि मुझे राष्ट्रपति के रूप में एक ऐसे महत्वपूर्ण कालखंड में चुना है जब हम अपनी आज़ादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। आज से कुछ दिन बाद ही देश अपनी स्वाधीनता के 75 वर्ष पूरे करेगा। मेरा सौभाग्य है कि आजादी के 75वें साल में मुझे नया दायित्व मिला है, देशवासियों का अभिनंदन। ये भी एक संयोग है कि जब देश अपनी आजादी के 50वें वर्ष का पर्व मना रहा था तब मेरे राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई थी। आज आजादी के 75वें वर्ष में मुझे ये नया दायित्व मिला है। ऐसे ऐतिहासिक समय में जब देशअगले 25 वर्षों के विजन को हासिल करने के लिए पूरी ऊर्जा से जुटा हुआ है मुझे ये जिम्मेदारी मिलना मेरा बड़ा सौभाग्य है।

राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने  द्रौपदी मुर्मू को बधाई प्रेषित की. सीएम ने ट्वीट करते हुए लिखा- भारत की 15वीं राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने पर आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।