टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली करारी शिकस्त के इफेक्ट दिखने शुरू हो गए हैं। टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ की अगुआई वाले कोचिंग स्टाफ को टी-20 विश्व कप के बाद रेस्ट दिया गया है। अब वीवीएस लक्ष्मण न्यूजीलैंड के आगामी दौरे पर भारतीय टीम के कार्यवाहक मुख्य कोच होंगे। 

भारतीय टीम को टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में गुरुवार को इंग्लैंड से 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब भारत को न्यूजीलैंड में तीन वन डे और तीन टी-20 खेलने हैं। सीरीज़ का आगाज 18 नवंबर से वेलिंगटन में होगा। 

इस सीरीज़ में नियमित कप्तान रोहित शर्मा, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को आराम दिया गया है साथ ही कोचिंग स्टाफ को भी टी-20 विश्व कप के बाद ब्रेक दिया गया है।  बीसीसीआई से मिली जानकारी के मुताबिक़ लक्ष्मण की अगुआई में एनसीए टीम न्यूजीलैंड जाने वाली टीम से जुड़ेगी जिसमें ऋषिकेश कानिटकर (बल्लेबाजी कोच) और साईराज बहुतुले (गेंदबाजी कोच) शामिल हैं। 

लक्ष्मण को इससे पहले जिम्बाब्वे और आयरलैंड के दौरे तथा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया वनडे घरेलू श्रृंखला के दौरान भी टीम को कोचिंग दी गई थी।  ऑल राउंडर हार्दिक पंड्या टी-20 श्रृंखला में टीम की अगुआई करेंगे जबकि अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन वनडे टीम के कप्तान होंगे। 

बताया जा रहा है कि नियमित कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और अश्विन भी बांग्लादेश दौरे के लिये टीम में वापसी करेंगे। इस टूर में भारत तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगा। यह दौरा चार दिसंबर शुरू होगा।