पाकिस्तान ने अमरनाथ यात्रा समेत जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने के लिए सीमा पर आतंकी गतिविधियां शुरू कर दी है। पुंछ जिले के मेंधर के कृष्णाघाटी सेक्टर में अचानक एक ड्रोन के देखे जाने के बाद सुरक्षा बल सतर्क हो गए। सेना ने ड्रोन को नष्ट करने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद ड्रोन सरहद पार चला गया।
सूत्रों के मुताबिक, सेना के जवानों ने बीती रात करीब दो बजे कृष्णाघाटी सेक्टर के बलोनी इलाके के पास जासूसी करने वाले ड्रोन को देखा। जिसके बाद सेना के जवानों ने ड्रोन पर फायरिंग की और वह ड्रोन पाकिस्तान की तरफ चला गया। शनिवार की सुबह से ही सेना और पुलिस के विशेष अभियान दल ने इलाके में व्यापक जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले चार जुलाई को भी एक पाकिस्तानी ड्रोन सांबा सेक्टर में घुसा था। ड्रोन कई किमी की ऊंचाई पर उड़ रहा था। ड्रोन करीब 15 मिनट तक भारतीय क्षेत्र में रहा। रात के अंधेरे में पाकिस्तानी ड्रोन को सीमा क्षेत्र में देखने के बाद सुरक्षाबलों ने बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया।