दिन और रात में भी घटी ठंड, चलने लगे पंखे

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी के आसार जताए हैं। दिन में तेज धूप निकलने से पारा 32 डिग्री सेल्सियस के ऊपर पहुंच सकता है। इस बढ़ोतरी से दिन में गर्मी बढ़ेगी। नया पश्चिमी विक्षोभ आने पर तापमान में और बढ़ोतरी होगी।

पंजाब से ट्रफ लाइन बनने के चलते हवा का रुख उत्तर पूर्व हो गया है। यह हवा अपने साथ नमी लेकर आने लगी है। गत दिवस न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जिससे रात में ठंड घट गई। तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक होने से ठंड की चुभन नहीं थी। गुरुवार को तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज होने से रात में ठंड गायब हो गई। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान बढ़ने से बादल छाने के आसार हैं। हालांकि बारिश के आसार नहीं है। बादलों के चलते मौसम में बदलाव आ रहा है।

कल सक्रिय हो रहा है नया पश्चिमी विक्षोभ जम्मू कश्मीर में 25 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 27 से 28 फरवरी के बीच दिखेगा। हवा का रुख पश्चिमी हो जाएगा, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। इस बढ़ोतरी के चलते मौसम से ठंडक खत्म हो जाएगी। मार्च में गर्मी की शुरुआत होगी। हालांकि अभी शहर सहित जिले में बारिश के आसार कम हैं। सिर्फ बादल छा सकते हैं।