खुजली हैं तो आम बिमारी लेकिन आजकल इसकी चर्चा मध्यप्रदेश की सियासत में ख़ूब होने लगी हैं. अब आप भी सोच में पढ़ गए होंगे कि सियासत में खुजली का क्या काम..? चलिए बता देते है लेकिन सियासी खुजली के बारे में जानने से पहले शिवराज सरकार की विकास यात्रा का जिक्र करना भी ज़रूरी हैं. जानिए क्यों?

दरअसल, 5 फरवरी से बीजेपी की विकास यात्रा पूरे प्रदेश भर में विकास की उपलब्धियां गिनाने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करते हुए हर गांव-शहर में पहुंच रहीं है. इस दौरान यात्रा का जहां सचमुच विकास हुआ है वहां स्वागत, तो वहीं जहाँ व्यवस्था आज भी चरमराई हुई है वहां विरोध ही दिखाई दे रहा है.

इन सबके बीच यात्रा के दौरान बीजेपी विधायकों को ख़ुलेआम विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है. लेकिन हैरानी तो तब हुई जब शिवराज सरकार में पीएचई राज्य मंत्री और मुंगावली से विधायक बृजेंद्र सिंह यादव को अपनी ही विधानसभा के देवरछी गांव में विकास यात्रा के दौरान किसी ने खुजली वाले करेच की फली का पाउडर या बीज लगा दिया.

फिर क्या था..! शरीर में खुजली शुरू होने के बाद मंत्री जी इतने परेशान हो गए कि यात्रा को बीच गांव में ही रोककर पहले तो कुर्ता निकाल दिया और फिर देर रात पानी से हाथ-मुंह धोते हुए दिखाई दिए. उसके बाद नए कपड़े पहनकर मंत्री जी यात्रा को लेकर आगे निकल गए.

वैसे वीडियो वायरल होने के बाद जानकारी सामने आई कि किसी शरारती तत्व ने मंत्री जी का स्वागत करते समय फूलों के बीच करेच के बीज या फली लगा दी, जिसके बाद शरीर में ऐसी खुजली शुरू हुई की यात्रा को बीच में हो रोकना पड़ा. 

चुनावी मौसम में विपक्ष तो इस वायरल वीडियों के ज़रिये शिवराज सरकार की चुटकी लेगा ही लेकिन इस हरकत से मानो अब आम जनता भी पीछें नहीं हैं. वैसे चुनाव के पहले यात्रा का कई जगह ख़ुलेआम विरोध होने से बीजेपी की मुश्किलें बढ़ सकती है.