तेलंगाना के सिकंदराबाद में सोमवार को देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां पर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर के शोरूम में आग लग गई। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब यहां इलेक्ट्रिक स्कूटर को चार्ज किया जा रहा था। इसी दौरान लगी आग से हुए हादसे में अब तक आठ लोग अपनी जान गँवा चुके हैं। 

पुलिस के मुताबिक पहले छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी, लेकिन यहां पर दम घुटने के कारण दो अन्य की भी मौत हो गई। मामले में अभी तक की गई जांच से पता चला है कि ये हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। 

बताया जा रहा है कि शोरूम के ऊपर लॉज भी स्थित है। आग लगने के कारण इस लॉज की पहली व दूसरी मंजिल पर धुंआ भर गया, जिससे लोगों का दम घुटने लगा। इसके बाद कई लोगों ने तो इमारत से कूदकर अपनी जान बचाई।

इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, कई लोग इसमें फंसे ही रह गए इसी वजह से दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने और भी की लोगों को इमारत से बाहर निकाला। घटना में पांच नए स्कूटर व सर्विसिंग के लिए आए 12 पुराने स्कूटर जलकर पूरी तरह से खाक हो गए।  

घटना पर पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक जताया। उन्होंने कहा, सिकंदराबाद में आग लगने से हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। साथ ही पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये व घायलों को 50,000 रुपये के भुगतान का एलान भी किया।