इंदौर के होलकर स्टेडियम में इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ उम्मीदों के मुताबिक जीत हासिल की। इसके साथ ही भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर तीन मैच की टी-20 सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। अब श्रृंखला का आखिरी और तीसरा मुकाबला बेंगलुरु में 17 जनवरी को खेला जाएगा।

इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और अफगानिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 172 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। वहीं युवा ओपनर यशस्वी जायसवाल (34 गेंद में 68 रन) और शिवम दुबे (32 गेंद में 63 रन) के शानदार अर्धशतकों के बूते भारत ने 26 गेंद पहले छह विकेट के बड़े अंतर से मैदान मार लिया।

टीम इंडिया की जीत के साथ इस मैच में कुछ और भी खास रहा..वो रहा दर्शकों का मायूसी के बीच शानदार खेल से जबरदस्त मनोरंजन। मायूसी और खुशी के इन हालातों की वजह रही खिलाड़ियों के किरदारों में अदलाबदली। दरअसल स्टेडियम में मौजूद अधिकांश दर्शकों की निगाहें सिर्फ रोहित शर्मा और विराट कोहली पर थी।

टीम इंडिया के दोनों दिग्गज खिलाड़ी दर्शकों की उम्मीद पर खरा नहीं उतर सके। रोहित के हिट देखने को बेताब इंदौरी उस समय निराश हुए जब वे बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट आये। विराट ने शुरुआत दमदार की लेकिन वे उसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके।

इसके बाद दो युवा बल्लेबाजों ने अपने खेल से इसे भारी जोश में बदल दिया। यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों  की जमकर धुनाई की। बाएं हाथ के बल्लेबाजों ने छक्के और चौकों की मदद से सीनियर बल्लेबाजों की कमी नहीं महसूस होने दी। मैच के बाद MPCA और दर्शकों के साथ खेमे खुश और उत्साहित थे।