Afghanistan Earthquake: अफगानिस्तान में बीते शनिवार यानी 7 अक्टूबर को दोपहर में आए भीषण भूकंप के झटके से कई जगह तबाही मच गई. नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी ने बताया कि अफगानिस्तान में आधे घंटे के भीतर ही भूकंप के 6 झटके महसूस किए गए.

जिसमें करीब 2,000 मौतें पहले दिन दर्ज की गई. जिसका आंकड़ा अब बढ़कर 4,000 हो गया है. यूएसजीएस (United States Geological Survey) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के सबसे बड़े शहर हेरात से 40 KM उत्तर पश्चिम में था.

फ़िलहाल, ताज़ा रिपोर्ट सामने आने के बाद, संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों के समन्वय कार्यालय ने आपातकालीन सहायता भेजने की तैयारी शुरू कर दी हैं. इसके अलावा ऐसी भी खबरें हैं कि भूकंप के कारण कई इमारतें नष्ट हो गईं और करीब 2,000 घर पूरी तरह से तबाह हो गए.

आधे घंटे में भूकंप के 6 झटके महसूस किए-

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगानिस्तान में पहले 6.3 तीव्रता के भूकंप के बाद 5.5, 4.7, 6.3, 5.9 और 4.6 तीव्रता वाले भूकंप के झटके भी महसूस किये गए. जिससे लोगों में भगदड़ मचा गई और कई जनहानि हुई. भूकंप के बाद एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि नेटवर्क कनेक्शन पूरी तरह बंद हो गया है. ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन होने से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रहीं है.

करीब 6 गांव पूरी तरह से हुए तबाह-

अफगानिस्तान के सूचना और संस्कृति मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल वहीद शायान ने बताया कि हेरात डिवीजन में भूकंप सबसे पहले आया. जिससे उस क्षेत्र के लगभग 6 गांव पूरी तरह से तबाह हो गए हैं. अभी भी बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है.