यदि कोई भूकंप के बारे में सोच रहा हो और उसे भूकंप के झटके महसूस होने लगे तो? जाहिर है कि यह डरावना मंजर होगा। यूरोपीय देश लिस्टेंस्टीन में ऐसा ही हुआ है। यहां संसद में भूकंप बीमा पर सत्ता और विपक्ष के सांसद बहस कर रहे थे, तभी भूकंप के दो झटकों से धरती । कांप उठी। इसके बाद सभी सांसद चर्चा को छोड़कर बाहर भागने लगे। यह घटना बीती दोपहर की है और इसका वीडियो भी सामने आया है।

दरअसल, लिस्टेंस्टीन की संसद में नागरिकों को भूकंप बीमा देने पर जोरदार बहस चल रही थी। सांसद बेट्टिना पेटजोल्ड माहर सदन को संबोधित कर रहीं थीं। तभी भूकंप के हल्के झटके महसूस हुए। इसके बाद सांसद हंसने लगीं और हंसते हंसते उन्होंने अपनी बात जारी रखी। हालांकि, कुछ सेकेंड बाद ही भूकंप का दूसरा झटका महसूस हुआ। यह पहले से ज्यादा तेज और खौफनाक था। जैसे ही भूकंप का सांसद को अहसास हुआ, वो बीच में ही रुक गई। इस समय उनके चेहरे पर खौफ साफ दिख रहा था। इसके बाद सभी सांसद सदन से बाहर भागने लगे। 

4.0 तीव्रता का भूकंप

जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज के मुताबिक, लिस्टेंस्टीन में गुरुवार दोपहर 4.0 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र स्विट्जरलैंड और ऑस्ट्रिया के बीच में था। लिस्टेंस्टी पुलिस ने कहा कि किसी के घायल होने या नुकसान की सूचना नहीं है।