Hemant Soren Missing: झारखंड में कथित भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने सोमवार को उनके दिल्ली के शांति निकेतन में स्थित आवास सहित 3 ठिकानों पर छापेमारी की. इस पूरे एक्शन के दौरान टीम ने तलाशी अभियान में दो बीएमडब्ल्यू कार से कुछ आपत्तिजनक दस्तावेज और 36 लाख रुपये नगद जब्त किए हैं.
उनके दिल्ली आने के बाद से ही जानकारी नहीं मिल रही कि हेमंत सोरेन कहां पर हैं. उनका चार्टेड प्लेन दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़ा है. उनके स्टाफ के कई लोगों के फोन भी बंद हैं. उनकी बीएमडब्ल्यू कार को ईडी ने कल सोमवार को जब्त कर लिया था. उनके ड्राइवर से भी पूछताछ की गई, लेकिन फ़िलहाल कुछ पता नहीं चला. बीजेपी ने दावा किया है कि वह बीते 30 घंटों से भी ज्यादा समय से लापता हैं.
हेमंत सोरेन के अचानक गायब होने के बाद से बीजेपी झारखंड सरकार पर हमलावर है. बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्टर शेयर किया हैं, जिसमें उन्हें सीएम के लापता होने का दावा करते हुए लिखा, तलाश है झारखंड के गुमशुदा मुख्यमंत्री की. जिन किसी भी सज्जन को यह व्यक्ति दिखें तो, दिए गए पते पर तुरंत सूचित करें. सही जनकारी देने वाले को 11 हजार रुपये नगद राशि दी जाएगी.
बता दें कि कुछ दिनों पहले ईडी ने उन्हें 10वां समन भेजा था और 29 जनवरी से 31 जनवरी के बीच पेश होने के लिए कहा था. अगर इस बार भी हेमंत सोरेन ईडी के सामने पेश नहीं होते हैं तो एजेंसी उनके आवास पर जाकर पूछताछ करेगी. वहीं, इन सबके बीच सीएम सोरेन ने पत्र लिखकर ईडी पर राजनीतिक एजेंडे के तहत कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.