Money Laundering Case: महाराष्ट्र की राजनीति को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी (ED) ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल को पूछताछ के लिए तलब किया है. ईडी ने शरद पवार के करीबी सहयोगी जयंत पाटिल को शुक्रवार (12 मई) को पेश होने के लिए कहा है. पाटिल से आईएल एंड एफएस (IL&FS) मामले में पूछताछ होनी है.

जानिए क्या है पूरा मामला-

इससे पहले ईएल एंड एफएस (IL&FS) से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग जांच में कोहिनूर कंस्ट्रक्शन को दिए गए कर्ज के सिलसिले में ईडी ने राज ठाकरे से भी पूछताछ की थी. ईडी इन्फ्रास्ट्रक्चर लीजिंग एंड फाइनेंशियल सर्विसेज (IL&FS) से संबंधित कथित अनियमितताओं की जांच कर रहा है.

यह पूछताछ कोहिनूर सीटीएनएल में आईएल एंड एफएस समूह के इक्विटी निवेश से संबंधित है. कोहिनूर सीटीएनएल दादर में कोहिनूर स्क्वायर टावर का निर्माण कर रहा है. ईडी इस मामले में जयंत पाटिल से पूछताछ करेगी. जयंत पाटिल शरद पवार के करीबी हैं. जांच एजेंसी ने उन्हें शुक्रवार सुबह 10 बजे तलब किया है.