नेशनल हेराल्ड केस में राहुल गांधी से ED ऑफिस में तीन अफसर पूछताछ कर रहे हैं। इससे पहले राहुल पैदल ही चलकर ईडी के समक्ष पहुंच गए. पैदल मार्च करके कांग्रेस मुख्यालय से निकले कांग्रेस नेताओं को एक किमी पहले रोक लिया गया तो वे सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। धरना दे रहे कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत अन्य नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इधर राहुल से मिलने प्रियंका गांधी भी आई पर पूछताछ शुरू होने के बाद प्रियंका गांधी ED ऑफिस से लौट गईं।
प्रियंका गांधी वाड्रा राहुल की पेशी के पहले उनसे मिलने उनके घर पहुंची थीं। यहां से राहुल-प्रियंका कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और दोनों ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक के बाद राजस्थान के CM अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल,पार्टी के सांसद और अन्य नेताओं के साथ राहुल पैदल ही ED ऑफिस के लिए निकले। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कांग्रेस के मार्च को रोक लिया. नेताओं को आगे नहीं जाने दिया था।
ED दफ्तर के पास थ्री-लेयर सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पहले घेरे के पास ही पुलिस ने कांग्रेस का मार्च रोक लिया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इससे पहले सुबह राहुल गांधी से जांच के विरोध में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से ही हिरासत में ले लिया था। पुलिस सभी कांग्रेसियों को बस में बैठाकर ले गई। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय से ED ऑफिस तक का पूरा रास्ता सील कर दिया था।
राहुल गांधी से पूछताछ के विरोध में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने बयान दिए
रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा- नेशनल हेराल्ड मामले में कोई घोटाला नहीं हुआ। हमने भाजपा सरकार की तरह भारत की सरकारी संपत्तियों को तो बेचा नहीं है।
भूपेश बघेल: आप इस शरीर को तो नष्ट कर सकते हैं, लेकिन विचारों को कैद नहीं कर सकते।
अशोक गहलोत: शांतिपूर्ण मार्च से सरकार को आखिर दिक्कत क्या है?
प्रमोद तिवारी: राहुल गांधी पर पूरी तरह फर्जी केस लगाया गया।
दिग्विजय सिंह: मोदी जब डरते हैं तो ED को आगे करते हैं।
सचिन पायलट: केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।